हाथरस में चंदपा के गांव गढ़ी परती बनारसी में 28 जुलाई शाम दिमागी रूप से अस्वस्थ और नशे के आदी युवक ने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका के शरीर, गर्दन और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। सूचना के बाद पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। वारदात के बाद भागे हुए पति की पुलिस तलाश कर रही है।
मैनपुरी के चितायन गांव की रहने वाली कोमल (27) की शादी चार साल पहले अभिषेक से हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार अभिषेक शराब का आदी था और नशे में कोमल के साथ मारपीट करता था। शादी के डेढ़ साल बाद बेटी होने के बाद भी उसकी हरकतों में सुधार नहीं आया। शराब के कारण रोज घर में कहासुनी होती थी। शराब की लत के कारण परिजन उसे एक बार नशा मुक्ति केंद्र में भी भर्ती करा चुके थे।
मंगलवार की शाम को भी घर से पति-पत्नी के बीच झगड़े की आवाजें आई थीं। चीख-पुकार के बाद अचानक सन्नाटा छा गया। इसके बाद ग्रामीणों ने अभिषेक को घर से भागते देखा। पड़ोसी अंदर गए तो कोमल लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ी थी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सीओ सादाबाद जेएन अस्थाना, चंदपा थाना पुलिस और फील्ड यूनिट फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहुंच कर जांचा तो कोमल की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है। मृतका के मायके वालों को सूचित कर दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला गला दबाकर हत्या करने का लग रहा है। फिलहाल मायके पक्ष से तहरीर मिलने का इंतजार है। पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।-जेएन अस्थाना, सीओ सादाबाद
