सहपऊ कस्बा के हनुमान टीला स्थित मंदिरों पर पूजा करने वाले पुजारी दिलीप उर्फ चंदू लाला (50) की हत्या कर दी गई है। रविवार रात को अज्ञात हत्यारे ने भारी वस्तु से उनके सिर पर प्रहार किया। सोमवार सुबह उनका खून से लथपथ शव एक मंदिर के बरामदे में मिला। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मौके पर भारी भीड़ और पुलिस पहुंची। पुलिस ने पुजारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ सादाबाद जेएन अस्थाना और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। सोमवार की दोपहर को पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने कोतवाली पहुंचकर जानकारी ली। उन्होंने घटना का खुलासा करने के लिए पांच टीमों का गठन किया है। मृतक दिलीप उर्फ चंदू लाला पिछले सात महीने से इन मंदिरों पर पूजा पाठ कर रहे थे। वह नगला सुखराम गांव के निवासी थे।
सीओ जेएन अस्थाना ने बताया कि पुजारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही तथ्यों का पता चलेगा। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच में जुट गई है। अभी तक कोतवाली में किसी ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।