चुर्खी थाने में तैनात मुख्य आरक्षी अशोक कुमार को नर्तकियों पर पैसे उड़ाने के मामले में निलंबित कर दिया गया है। मामला 12 मई का बताया जा रहा है, जब वे एक निजी तिलक समारोह में शामिल होने के लिए चुर्खी क्षेत्र गए थे। सूचना के अनुसार कार्यक्रम के दौरान आयोजकों द्वारा नर्तकियों का नृत्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान मुख्य आरक्षी अशोक कुमार द्वारा नृत्य कर रही नर्तकियों पर पैसे उड़ाने का वीडियो किसी ग्रामीण ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद मामले का संज्ञान पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने लिया और जांच के आदेश दिए। मामले की जांच सीओ कालपी अशोक कुमार सिंह द्वारा की गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को मुख्य आरक्षी अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस बल की छवि धूमिल करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
