इस बार मतदान प्रतिशत में आई गिरावट
उरई में पांच तो कालपी में सात, रामपुरा छह फीसदी मतदान घटा
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। नगर निकाय चुनाव पिछली बार 22 नवंबर 2017 को हुआ था। तब 61.85 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इस बार मतदान प्रतिशत में गिरावट आई है। चुनाव में इस बार 57.98 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया है। 2017 के चुनाव में 10 नगर निकाय क्षेत्रों में मतदान हुआ था। इस बार एट नगर पंचायत को मिलाकर कुल 11 नगर निकाय क्षेत्रों में मतदान हुआ है।
पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार उरई नगर पालिका में लगभग पांच फीसदी मतदान घटा है। कोंच नगर पालिका में भी पिछले चुनाव की अपेक्षा लगभग चार फीसदी मतदाता कम निकले हैं। नगर पालिका कालपी में तो यह आंकड़ा लगभग सात फीसदी पहुंच गया है। कालपी में 2017 में 62.67 फीसदी मतदान हुआ था, जबकि इस साल महज 55.84 फीसदी ही वोट पड़े हैं।
इसके अलावा माधौगगढ़ नगर पंचायत में चार और रामपुरा नगर पंचायत में छह फीसदी, कदौरा में पांच प्रतिशत, कोटरा में तीन फीसदी कम मतदान हुआ। जालौैन में नगर पालिका में जरूर मतदान प्रतिशत में पिछली बार के मुकाबले मामूली बढ़ोतरी हुई है। ऊमरी नगर पंचायत में भी एक फीसदी से कम की मतदान में बढ़त दर्ज की गई है। नदीगांव में लगभग तीन फीसदी मतदान अधिक हुआ है।
नगर निकाय का नाम 2023 मत प्रतिशत 2017 मत प्रतिशत
उरई नगर पालिका 52.73 57.07
कालपी नगर पालिका 55.84 62.67
कोंच नगर पालिका 65.74 69.15
जालौन नगर पालिका 62.41 62.16
ऊमरी नगर पंचायत 69.79 69.30
कदौरा नगर पंचायत 66.74 71.54
कोटरा नगर पंचायत 63.08 66.85
नदीगांव नगर पंचायत 73.21 70.60
माधौगढ़ नगर पंचायत 62.97 66.68
रामपुरा नगर पंचायत 56.20 62.60
एट नगर पंचायत 57.91 पिछली बार चुनाव नहीं हुआ था।
कुल योग 57.98 61.85