उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र के चक जगदेवपुर गांव में सोमवार रात घर में घुसकर मोबाइल चोरी करने का मामला सामने आया है। महिला और उसके बच्चों की आहट मिलने पर आरोपी तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। महिला की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के चक जगदेवपुर निवासी संतोषी ने शहर कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 31 अगस्त की रात वह पुत्र और पुत्रियों के साथ घर के अंदर सो रही थी। रात में मोहल्ले के ही दो युवक चोरी की नीयत से उसके घर में घुस आए। परिवार के लोगों के सोने का फायदा उठाकर आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन चोरी कर लिया।
महिला के मुताबिक घर के अंदर आहट होने पर उसकी और बच्चों की नींद खुल गई। परिवार के लोगों के जागते ही दोनों आरोपी घबरा गए। आरोप है कि उन्होंने तमंचा निकालकर महिला और उसके बच्चों की कनपटी पर लगा दिया। इसके बाद सभी को जान से मारने की धमकी दी और चोरी किया गया मोबाइल लेकर मौके से भाग गए।
आरोपियों के भागने के बाद परिवार ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी। इसके बाद महिला ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए तहरीर दी।
पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मोहल्ले के ही माधव उर्फ चीकू और मुकेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर माधव उर्फ चीकू और मुकेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
