रामपुरा। बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में उसकी पांच वर्षीय बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। महिला ने ग्वालियर के न्यूरोलॉजी सेंटर में उपचार के दौरान शनिवार को दम तोड़ा है। रविवार को शव गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया।
माधौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुरा निवासी रंजना देवी (30) 13 नवंबर की रात करीब आठ बजे पति और पांच वर्षीय बेटी टुकटुक के साथ बाइक से जगम्मनपुर जा रही थीं। उन्हें गांव में प्रज्ञादीप गौतम प्रधान की बहन के विवाह समारोह में शामिल होना था। रात करीब नौ बजे रामपुरा-जगम्मनपुर मार्ग पर गहरी पुलिया के पास लघु सेतु के अप्रोच मार्ग पर पहुंचे, तभी टूटी सड़क और पुलिया के बीच ऊंचाई-गहराई में अंतर होने से बाइक अनियंत्रित हो गई। रंजना और उनकी बेटी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा ले गए। यहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज उरई और फिर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। रंजना की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर के न्यूरोलॉजी सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई। हादसे में घायल बेटी टुकटुक की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।

