उरई। डकोर ब्लॉक के ग्राम मलूपुरा में फसल बीमा के सर्वे को लेकर हंगामा हो गया। ग्रामीणों ने खाली फॉर्म पर हस्ताक्षर करने का आरोप लगाते हुए सर्वेयरों को पकड़ लिया। सूचना पर बैरागढ़ माई किसान उत्पादक मंच के लोग वहां पहुंच गए। हंगामे की सूचना मिलने पर कृषि विभाग के अधिकारी भी वहां पहुंचे।
गांव निवासी प्रशांत तिवारी ने आरोप लगाया कि उन्होंने तीन सितंबर को टोल फ्री नंबर पर सूचना दी थी। सर्वेयर नहीं आया तो आईजीआरएस पर शिकायत की। रविवार को सर्वेयर पहुंचे तो खाली फॉर्म पर हस्ताक्षर करने को कहा। मना करने पर फॉर्म न भरने की बात कहने लगे। इसी प्रकार गांव के पवन पाल व कल्लू मिश्रा ने भी ऐसे ही आरोप लगाए। अधिकारियों की मौजूदगी में बाद में सर्वेयराें ने फसल नुकसान का प्रतिशत भरा, तब जाकर किसान शांत हुए। (संवाद)
