उरई। एपीके फाइल के माध्यम से साइबर ठगी का शिकार हुए कालपी रोड निवासी व्यक्ति को जालौन साइबर सेल ने राहत दिलाई है। साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई 2,13,128 रुपये की धनराशि में से 1,67,128 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए। वहीं, शेष 46 हजार रुपये ठग के खाते में सीज करा दिए गए।
कोतवाली उरई क्षेत्र के कालपी रोड निवासी विपुल महेश्वरी के साथ एपीके फाइल के माध्यम से 2,13,128 रुपये की साइबर ठगी हुई थी। पीड़ित ने साइबर अपराध से संबंधित एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही जनपदीय साइबर सेल ने कार्रवाई शुरू की। बैंक को ईमेल भेजने के साथ ही बैंक अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया और ठगी की रकम में से 1,67,128 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए। इसके अलावा 46 हजार रुपये ठग के खाते में सीज करा दिए गए।
एसपी सुरेश चंद्र रावत के निर्देशन और एएसपी डॉ. ईशान सोनी के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक चंद्रदेव यादव, उपनिरीक्षक अजीत शर्मा, जगवीर सिंह और मुख्य आरक्षी पप्पू लाल समेत टीम शामिल रही।