Jammu Akhnoor Bus Accident Hathras death

मुरसान क्षेत्र के नगला उदय सिंह में जम्मू बस हादसे की जानकारी लेतीं डीएम और एसपी
– फोटो : संवाद

विस्तार


जम्मू-पुंछ हाईवे पर अखनूर में हुए बस हादसे में हाथरस के आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इनमें चार नगला उदय सिंह और चार गांव मझोला के रहने वाले हैं। इस हादसे से दोनों गांवों में माहौल गमगीन है। बस में सवार अन्य लोगों के परिजन भी चिंतित हैं। इस बस में हाथरस के कुल 27 लोग सवार थे।

30 मई को हुए इस हादसे की सूचना जैसे ही हाथरस पहुंची, मृतकों की पहचान होने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उनके घर पहुंचे और उनके परिजनों को सूचना दी। बस में हाथरस के मुरसान ब्लॉक के गांव नगला उदय सिंह, हाथरस जंकशन क्षेत्र के गांव मझोला और कस्बा मुरसान के लोग सवार थे। नगला उदय सिंह के रहने वाली धर्मवती (50) पत्नी राधेश्याम, मझोला के रहने वाली रणवीर सिंह (45) पुत्र गिर्राज सिंह, रेनू (33) पत्नी योगवीर सिंह, प्राची (8) पुत्री जितेंद्र, नगला उदय सिंह निवासी वीरपाल (60), राहुल (35), यश (11) और मझोला निवासी राहुल (35) की मौत हुई है। गांव में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतकों के घर पर सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों का तांता लगा रहा। जनप्रतिनिधियों व अफसरों को इस घटना की जानकारी हुई तो वह भी गांव की ओर दौड़ पड़े। परिजनों से मिलकर हादसे की जानकारी ली।

हादसे की सूचना पर गांव से रवाना हुए लोग

बस के खाई में गिरने की सूचना जैसे ही गांव नगला उदय सिंह में पहुंची तो यहां खलबली मच गई। श्रद्धालुओं के परिजन व रिश्तेदार अपने अपने काम काज को छोड़कर सीधे जम्मू के लिए रवाना हो गए। दूसरी ओर कुछ ग्रामीणों ने जम्मू में सेना में तैनात अपने परिचितों को भी इस मामले की सूचना दी और संपर्क साधा।

जम्मू बस हादसा

नौ लोगों को ग्रामीणों ने सोशल मीडिया के जरिए देखा सुरक्षित

हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मोबाइलों को लेकर बैठ गए और विभिन्न सोशल मीडिया के माध्यम से अपने अपने परिजनों व रिश्तेदारों की कुशल क्षेम जानने के लिए उत्सुक दिखे। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से गांव के नौ लोगों को पहचाना और घायल अवस्था में कुछ परिचित नजर आए तो ग्रामीणों को सुकून मिला।

आठ श्रद्धालुओं की मौत पुष्टि हुई है। जम्मू प्रशासन से लगातार संपर्क किया जा रहा है। मृतक परिजनों को सांत्वना दी जा रही है, जो भी संभव मदद होगी, प्रशासन की ओर से मुहैया कराई जाएगी। -अर्चना वर्मा, डीएम।

मेरे घर से पांच लोग यात्रा पर गए हैं। वैसे अन्य लोग भी मेरे परिवार के ही हैं। अभी तक कोई पूरी जानकारी नहीं दी जा रही है। मीडिया के माध्यम से जो दिखाया जा रहा है, उसके ही भरोसे बैठे हैं। गांव से दो गाड़ी जम्मू-कश्मीर गई हैं। -राजू, नगला उदय सिंह।

30 मई की दोपहर करीब 12 बजे बस गिरने की सूचना मिली। आगे की सच्चाई का पता नहीं चल पा रहा है। कितने लोग घायल हैं, कितने लोगों की मौत हो चुकी है, कुछ पता नहीं चल पा रहा। गांव से 16 लोग गए हुए हैं और आसपास गांव के भी काफी लोग गए हुए हैं गांव से जाने वाले सभी लोग मेरे परिवार के ही हैं। -राजेश, नगला उदय सिंह।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *