टोड़ी फतेहपुर में शनिवार को यूरिया के वितरण के दौरान साधन सहकारी समिति दुगारा पर किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पहले लेने की होड़ में उनके बीच धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई, जिससे हंगामा होने लगा। इस पर समिति की ओर से यूरिया का वितरण रोक दिया गया। इससे गुस्साए किसानों ने मऊरानीपुर-गुरसराय मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे सड़कों पर दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसानों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद यूरिया का वितरण शुरू हो पाया।
किसान हंगामा कर सड़क पर बैठे
रबी की फसलों की बोआई के के दौरान किसानों के लिए डीएपी को लेकर मारामारी की स्थिति बनी रहती थी। अब किसान यूरिया के लिए परेशान हैं। यूरिया के लिए सहकार समितियों पर किसानों की खासी भीड़ उमड़ रही है। शनिवार को यूरिया वितरण की सूचना पर साधन सहकारी समिति दुगारा पर सुबह से ही महिला व पुरुष किसानों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। किसानों को व्यवस्थित ढंग से यूरिया मिल सके, इसके लिए समिति की ओर से उन्हें टोकन वितरित किए गए थे। लेकिन, इसके बाद भी अव्यवस्था बनी रही। टोकन मिलने के बाद किसानों के बीच पहले यूरिया हासिल करने की होड़ मच गई। इससे वहां किसानों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी, जिससे हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। यह देख दोपहर करीब दो बजे यूरिया का वितरण बंद कर दिया गया। इससे गुस्साए किसान हंगामा करने लगे।