सीएमओ ने रविवार दोपहर अम्बावाय व भोजला पीएचसी पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेला का औचक निरीक्षण किया। अम्बावाय में एचआईवी व सिफलिस की जांच किट खुले में रखी मिली। जिस पर सीएमओ ने प्रभारी की जमकर क्लास लगाई। हिदायत दी भविष्य में ऐसा हुआ तो सख्त कार्रवाई होगी। इसके साथ ही मेला में आने वाले प्रत्येक रोगी का फोन नंबर दर्ज करने के आदेश दिए।
दोपहर करीब 12:30 बजे सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी और डिप्टी सीएमओ डॉ. आशीष अग्निहोत्री मुख्यमंत्री आरोग्य मेला की हकीकत देखने अम्बावाय पीएचसी पहुंचे। उन्होंने मेला में आए रोगियों का रिकॉर्ड चेक किया, तो उसमें कुछ रोगियों के नाम के साथ फोन नंबर लिखे मिले। इस पर उन्होंने मेला में आने वाले प्रत्येक रोगी का नाम और फोन नंबर लिखने की हिदायत दी। इसके बाद जब दवाओं का रखरखाव देखा तो एचआईवी और सिफलिस की जांच किट खुले में रखी मिली जबकि उन्हें फ्रीज में रखा जाना चाहिए। खुले में जांच किट रखी देख उन्होंने अधीनस्थों की जमकर क्लास लगाते हुए भविष्य में ऐसा नहीं होने के लिए कहा।
