भगवंतपुरा रोड पर तेज रफ्तार कार ने बृहस्पतिवार को बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवती की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक का गंभीर हालत में मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। युवती के मां का कहना है कि बेटी घर से बहन के घर जाने के लिए निकली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
कटेरा थाना क्षेत्र में रहने वाली फरहा उर्फ फरबा (21) पुत्री जाकिर हुसैन मोहल्ले में रहने वाले विनोद तिवारी (मूल निवासी महेबा) के साथ बाइक पर सवार होकर झांसी आ रही थी। भगवंतपुरा रोड पर तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में युवती की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। वहीं, गंभीर घायल बाइक चालक को मेडिकल कालेज में भर्ती करा दिया। जहां उसका इलाज चल रहा है। मृत युवती की मां ने बताया कि बेटी फरहा की शादी तय हो चुकी थी। जल्द शादी की डेट तय होनी थी। बेटी शॉपिंग के लिए बहन के पास झांसी आ रही थी। उसने बेटी को घर के बाहर ऑटो पर बैठाकर टेहरका स्टेशन के लिए रवाना किया था। जिससे वह टेहरका से ट्रेन पकड़कर झांसी आ सके। बेटी के जाने के कुछ देर बाद फोन लगाया तो वह रिसीव नहीं हुआ। कुछ देर बाद फोन एक पुलिसकर्मी ने रिसीव किया और बताया कि युवती का भगवंतपुरा रोड पर मून सिटी के पास एक्सीडेंट हो गया है। यह सुनकर वह मेडिकल कालेज पहुंची। जहां बेटी का शव मिला। मां ने बताया कि उसे नहीं पता कि बेटी विनोद की बाइक पर कैसे पहुंची।
वहीं, सदर बाजार थाना प्रभारी महेश ने बताया कि फरहा व विनोद बाइक से जा रहे थे। भगवंतपुरा रोड पर कार ने टक्कर मार दी। हादसे में युवती की मौत हो गई और घायलावस्था में युवक को इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर घटना की छानबीन की जाएगी।
