झांसी। नगर में चार दिसंबर से 13 दिसंबर तक दो बड़े धार्मिक आयोजनों की तैयारी है। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा चार से 10 दिसंबर तक शिव महापुराण की कथा सुनाएंगे। इसके बाद 11 से 13 दिसंबर तक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हनुमंत कथा का श्रवण कराएंगे।
नगर विधायक रवि शर्मा ने रविवार को बताया कि ये दोनों आयोजन कानपुर रोड पर राधिका ऑर्किड के सामने होंगे। शिव महापुराण कथा के दौरान पार्थिव शिवलिंग निर्माण का भी आयोजन किया जाएगा। कथा में श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा, भक्ति व सनातन परंपराओं से जुड़े प्रसंगों का श्रवण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिव महापुराण को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि ये आयोजन झांसी के लोगों की सुख और समृद्धि की कामना के साथ हो रहे हैं। इनका उद्देश्य सनातन संस्कृति व सामाजिक एकता का संदेश देना भी है। उन्होंने सभी से इन आयोजनों में हिस्सा लेने का आह्वान किया है।