झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पीछे स्थित पहाड़ को काटकर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया गया है। डीएम से शिकायत के बाद पुलिस-प्रशासन और खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रभारी अधिकारी खनिज का कहना है कि मामले में संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया जा रहा है। जवाब मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अधिवक्ता शशांक सिंह यादव ने डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि कुछ समय पहले उनकी और नगर निगम की भूमि पर कब्जे की नीयत से कुछ लोगों ने बाउंड्रीवाल का निर्माण शुरू कराया था। शिकायत पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया था।
आरोप है कि अब संबंधित लोग दोबारा हाईकोर्ट के स्थगन/यथास्थिति आदेश की अवहेलना कर रहे हैं। संबंधित आराजी संख्या की पहाड़ी भूमि पर कब्जा करने की नीयत से मशीनों के जरिये अवैध खनन कर पहाड़ को काटा जा रहा है। शिकायतकर्ता ने मामले को संज्ञान में लेकर अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पर जिला प्रशासन ने पुलिस-प्रशासन और खनिज विभाग की टीम को मौके पर जांच के लिए भेजा। एडीएम प्रशासन एवं प्रभारी अधिकारी खनिज एके गुप्ता ने बताया कि अवैध खनन के मामले में संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया जा रहा है। उनका जवाब मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
