झांसी/मोंठ। थाना शाहजहांपुर के तालौड़ गांव के पास शनिवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने पति के साथ लौट रही विवाहिता से मंगलसूत्र, सोने की जंजीर, अंगूठी समेत पर्स, मोबाइल एवं दस हजार रुपये नकद लूट ले गए। वारदात अंजाम देने के बाद बदमाश मोंठ की ओर भाग निकले। महिला से लूट की सूचना पर सीओ सुनील शर्मा समेत शाहजहांपुर पुलिस भी मौके पर जा पहुंची। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। दंपती के बताए हुलिया के आधार पर उनकी धरपकड़ के लिए तीन टीम लगाई गई है।


तालौड़ निवासी रानू दांगी पुत्र कोमल दांगी ने बताया कि शनिवार को पत्नी वंदना दांगी के साथ झांसी इलाज कराने गए थे। लौटते समय भांडेर में बाइक की सर्विस कराई। शाम करीब सात बजे गांव की ओर मुड़ते समय पीछे से आए एक बाइक में सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक को टक्कर मारकर पहले गिरा दिया, इसके बाद बदमाशों ने धमकाते हुए वंदना के गले से मंगलसूत्र समेत जेवरात लूट लिए। उससे भी मोबाइल फोन, पर्स समेत नकदी छीन ली। तीनों बदमाशों ने उसे लात-घूंसों से पीटा। इसके बाद तीनों बदमाश मोंठ की ओर भाग निकले। बदमाशों को भागता देख उसने शोर मचाया। पीछे आ रहे कुछ लोगों ने उनका पीछा किया लेकिन मोंठ जाने वाले रास्ते की ओर से तेज रफ्तार में भाग गए। सीओ मोंठ सुनील शर्मा के मुताबिक बदमाशों की धरपकड़ के लिए टीम लगाई गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *