झांसी। जन्माष्टमी पर भी बुंदेलखंड के पांच जिलों में झमाझम बारिश हुई। प्रदेश में शुक्रवार को ललितपुर में सबसे ज्यादा 49.8 मिलीमीटर पानी गिरा। झांसी में भी जमकर मेघ बरसे। इससे जनजीवन प्रभावित हो गया। हालांकि धान की फसल के लिए बारिश फायदेमंद बताई जा रही है। मौसम विभाग ने शनिवार को मध्यम वर्षा के आसार जताए हैं।
बंगाल की खाड़ी में बने हवाओं के निम्न दाब के क्षेत्र के चलते फिर से मानसून सक्रिय हो गया है। इसके चलते पिछले तीन दिनों में झांसी समेत आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो रही है। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक शुक्रवार को मानसून का केंद्र बुंदेलखंड रहा। ऐसे में खासकर झांसी मंडल के तीनों जिलों के साथ ही महोबा और हमीरपुर में भी अच्छी बारिश देखने को मिली।
मौसम विभाग के दैनिक वर्षा के आंकड़े के मुताबिक ललितपुर में सर्वाधिक 49.8 मिलीमीटर वास्तविक वर्षा हुई, जो सामान्य 10.8 मिलीमीटर से 361 प्रतिशत अधिक है। इसी तरह, जालौन में 33.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 7.5 मिलीमीटर से 349 प्रतिशत अधिक रही।
रविवार से धीमा होगा मानसून
इसी तरह, महोबा में सामान्य 6.6 मिलीमीटर से 300 प्रतिशत अधिक यानी 26.4 एमएम, झांसी में सामान्य 6.7 मिलीमीटर से 283 फीसदी ज्यादा यानी 25.7 एमएम, हमीरपुर में सामान्य 6.4 मिलीमीटर से 195 प्रतिशत अधिक यानी 18.9 मिलीमीटर वर्षा हुई है। कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह का कहना है कि शनिवार को बुंदेलखंड में मध्यम वर्षा के आसार हैं। रविवार को मानसून बुंदेलखंड से राजस्थान की ओर शिफ्ट हो जाएगा। इससे झांसी समेत बुंदेलखंड में मानसून की गति धीमी पड़ जाएगी।
बिजली की कड़कड़ाहट से मकान में आई दरार
बृहस्पतिवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात में बिजली की तेज कड़कड़ाहट के साथ बारिश हुई। कई बार बिजली कड़की। ऐसे में सदर तहसील के एक मकान में दरार आने की सूचना जिला प्रशासन के पास पहुंची हैं। इसकी पुष्टि करते हुए एडीएम वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा ने बताया कि फिलहाल किसी भी तहसील स्तर से जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं मिली है।
बुंदेलखंड में अब तक कहां-कितनी वर्षा
जनपद
औसत वर्षा
कुल बारिश
हमीरपुर
596.2
991.5
महोबा
516.8
924.4
ललितपुर
699.1
861.0
जालौन 534.4
654.7
झांसी
607.6
541.5
बांदा
647.7
1090.9
चित्रकूट
660.4
1191.7
(नोट: बारिश का आंकड़े एक जून से चार सितंबर तक मिलीमीटर में)
