– मोंठ में हुआ दही मटकी प्रतियोगिता का आयोजन

संवाद न्यूज एजेंसी

मोंठ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में कस्बे के श्री शीतला धाम परिसर में रविवार को दही मटकी प्रतियोगिता, भजन संध्या और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा। दही मटकी प्रतियोगिता में 12 टीमों ने प्रतिभाग किया। इसमें टोड़ी फतेहपुर के महेंद्र कुशवाहा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता अपने नाम की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद अनुराग शर्मा और राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त जमुना कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर किया। अध्यक्षता अयोध्या धाम से पधारे महंत बैदेही बल्लभ महाराज ने की। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों का वर्णन करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, सत्य, प्रेम, करुणा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और संस्कार मजबूत होते हैं। युवाओं को श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

मुख्य अतिथि सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि जन्माष्टमी जैसे धार्मिक आयोजन सनातन संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने का कार्य करते हैं। दही मटकी प्रतियोगिता में युवाओं की भागीदारी सराहनीय है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

आयोजक गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने कहा कि जन्माष्टमी के अवसर पर दही मटकी प्रतियोगिता, भजन संध्या और भंडारे का आयोजन क्षेत्रवासियों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। भगवान श्रीकृष्ण हम सभी के आराध्य हैं और उनका जन्मोत्सव उत्साह के साथ मनाना सौभाग्य की बात है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले कार्यकर्ताओं, प्रशासन और क्षेत्रवासियों का आभार जताया। अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

दही मटकी प्रतियोगिता के दौरान युवाओं ने मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर बांधी गई मटकी फोड़ने का प्रयास किया। मटकी फूटते ही श्रद्धालुओं ने जय श्रीकृष्ण और जय कन्हैया लाल के जयकारे लगाए। इसके बाद आयोजित भजन संध्या में कवयित्री समीक्षा सिंह, भजन गायक गुंजन उपाध्याय, लवीन गुप्ता, त्रिलोक गहलोत और सूर्यांश गहलोत ने श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का संचालन अजय शुक्ला ने किया। इस दौरान विधायक राजीव सिंह पारीछा, आरपी निरंजन एमएलसी प्रतिनिधि, सुधीर सिंह गौर, अशोक राजपूत, शिवेंद्र प्रताप शैली, महिला आयोग सदस्य अनुपमा लोधी, प्रीति शर्मा, कपिल मुदगिल, दिनेश राजपूत, रमाकांत राजपूत, नरेंद्र राजपूत, अमित चौरसिया, राजा जौरा, राहुल राजपूत अमगांव, सुरजीत राजपूत, गुड्डी रानी पटेल, आनंदी परिहार, संतोष कुशवाहा, दयाल गिरि, वीरप्रताप चौहान, ध्रुव सिंह परमार, भरत राजपूत, चंद्रजीत गुर्जर, मुकेश राजपूत, अनिल सोनी, धर्मेंद्र वर्मा, महेंद्र राजपूत, प्रमोद तिवारी एवं नगर पंचायत अध्यक्ष जयचंद राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *