झांसी। मोंठ तहसील में प्रस्तावित बस अड्डे के निर्माण को लेकर तैयारी तेज हो गई है। झांसी-उरई हाईवे पर 1.16 हेक्टेयर भूमि पर निर्माण कराने के जिला प्रशासन के प्रस्ताव पर शासन ने परिवहन विभाग से आख्या मांगी है। यहां बस स्टैंड बनने से यात्रियों का काफी सहूलियत हो जाएगी।

मोंठ झांसी और उरई के मध्य में स्थित है। अभी यहां पर परिवहन विभाग का बस स्टैंड नहीं है। झांसी से उरई और कानपुर-लखनऊ जाने वाली कई बसें सीधे हाईवे से होकर निकलती हैं। मोंठ में बस स्टैंड न होने से इन बसों का ठहराव नहीं होता है। हालांकि, जो बसें नॉन स्टॉप नहीं होती हैं, वे जरूर मोंठ के अंदर से होकर गुजरती हैं। इसके मद्देनजर यहां पर लंबे समय से बस स्टैंड निर्माण की कवायद चल रही है। इसको लेकर अब विशेष सचिव केपी सिंह की ओर से परिवहन विभाग के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजा गया है, जिसमें डीएम गौरांग राठी की ओर से 10 सितंबर और गरौठा विधायक जवाहर राजपूत की ओर से 14 सितंबर के पत्र का भी उल्लेख किया गया है।

पत्रों में मोंठ तहसील की 1.1620 हेक्टेयर भूमि पर परिवहन निगम का बस अड्डा निर्माण की बात कही गई है। डीएम की ओर से भेजे प्रस्ताव में बस स्टैंड निर्माण के लिए चिह्नित भूमि को निशुल्क उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इस पर परिवहन विभाग से कार्रवाई की आख्या अथवा प्रस्ताव शासन को तत्काल उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। इससे मोंठ में बस अड्डे के लिए चिह्नित जमीन को परिवहन निगम को उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *