अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। भगवंतपुरा इलाके में रात की सैर को निकले बुजुर्ग को तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। उनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
उल्दन निवासी राजीव कुमार (52) परिवार के साथ भगवंतपुरा के एमपी नगर कॉलोनी में रहते थे। सोमवार रात करीब नौ बजे वह कॉलोनी के बाद खाना खाने के बाद टहल रहे थे। उसी दौरान एक तेज रफ्तार वाहन ने उनको पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला जबकि राजीव सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। थोड़ी देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। उनकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
