झांसी। स्वामी पुरम कॉलोनी निवासी टायर कारोबारी अभिनव मुसरिया ने अपने ही दो कर्मचारियों पर लाखों रुपये हड़प लेने के आरोप में कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। कारोबारी अभिनव ने पुलिस को बताया कि उसकी फर्म में मनीष राय निवासी ईसाई टोला एवं नगरा निवासी मुश्ताक खान उर्फ राजा पिछले कई साल से काम करते हैं।
कारोबारी का आरोप है दोनों कर्मचारियों ने ग्राहकों से उधार की रकम से 9.35 लाख रुपये वसूल लिए। इसके अलावा करीब छह लाख रुपये के टायर बेचकर ऑनलाइन पैसा अपने खाते में जमा कर लिए। स्टॉक और बैंक बैलेंस चेक करने पर अभिनव को गड़बड़ी मिली। ग्राहकों से पूछने पर बताया कि उन्होंने उधार मनीष एवं मुश्ताक के माध्यम से चुका दी। दोनों कर्मचारियों से पूछताछ करने पर आरोपी टाल-मटोल करने लगे। पैसा मांगने पर दोनों जान से मारने की धमकी देने लगे। कोतवाल अंजन कुमार सिंह के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।
