– टीम के पहुंचने से पहले सूूचना लीक हुई, बैरंग लौटी स्वास्थ्य विभाग की टीम
– कप्तानगंज सीएचसी के आसपास संचालित अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी सेंटरों की जांच करने पहुंची थी संयुक्त टीम
कप्तानगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कप्तानगंज के आसपास संचालित अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी सेंटरों की जांच करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को शुक्रवार को कई प्रतिष्ठान बंद मिले। कार्रवाई की भनक लगते ही संचालक शटर गिराकर फरार हो गए। टीम ने तीन प्रतिष्ठानों की जांच की। इनमें जरूरी दस्तावेज और डॉक्टर मौजूद मिले।
जिलाधिकारी संजय चौहान के निर्देश पर एसडीएम आकांक्षा मिश्रा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे जांच के लिए पहुंची। टीम में उप सीएमओ डॉ. एसएन त्रिपाठी, डीसी अजय दुबे और प्रशांत सिंह शामिल थे।
टीम जैसे ही कप्तानगंज कस्बे के डीसीएफ चौक पहुंची, जांच की सूचना आसपास के क्षेत्रों में फैल गई। इसके बाद कई पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड सेंटरों के संचालकों ने अपने प्रतिष्ठानों के शटर गिरा दिए और मौके से चले गए। इससे टीम कई सेंटरों की जांच नहीं कर सकी।
एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने बताया कि जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड, पैथोलॉजी और अस्पतालों का संचालन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
