तमकुहीराज। भोजपुरी गीतों की धुन, कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां और दर्शकों का उत्साह… रविवार की रात रामलीला मैदान में आठ दिवसीय कुशीनगर महोत्सव का समापन यादगार बन गया। भोजपुरी गायक रितेश पांडेय, शिवानी सिंह, अंशिका सिंह, रघु राजा और मनोज मिहिर ने अपनी प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि दर्शक देर रात तक झूमते रहे।

पूर्वांचल महोत्सव समिति की ओर से आयोजित महोत्सव के 13वें वर्ष का शुभारंभ शिवघाट स्थित नदी तट पर आरती के साथ हुआ था। आठ दिनों तक क्रिकेट प्रतियोगिता, मिनी मैराथन, कृषि मेला और गायन प्रतियोगिता सहित विभिन्न आयोजन हुए। इनमें सफल प्रतिभागियों को समापन समारोह में स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में स्थानीय बाल कलाकार समृद्धि अग्रवाल और धनु ने भी अपनी प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं। मुख्य अतिथि उपेंद्र राय और आयोजक विनय राय ने कलाकारों को सम्मानित किया।

इस दौरान पडरौना नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल, कुशीनगर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश जायसवाल, आचार्य प्रदुम्न पांडेय, आरपी राय, निलय सिंह, आलोक राय, प्रिंस तिवारी आदि माैजूद रहे।



Source link