
भाजपा नेता स्मृति ईरानी।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
सांसद स्मृति ईरानी ने सोमवार को पूर्व सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। स्मृति ईरानी ने कहा कि वायनाड में राहुल गांधी ने चुनाव लड़ने के लिए पीएफआई का समर्थन लिया है जो हिंदुओं को मारने के लिए लिस्ट बनाता है। ऐसे संगठन की मदद से राहुल गांधी चुनाव क्यों लड़ना चाहते हैं।
स्मृति ईरानी ने कांग्रेस से सवाल पूछा कि राहुल गांधी ने ऐसे आतंकी संगठन का सहयोग क्यों लिया है..? स्मृति ईरानी सोमवार को सलोन विधानसभा क्षेत्र के पारी और रग्घूपुर स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में कार्यकर्ताओं संग बैठक करने पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि सलोन ब्लाक के 44 गांवों में पक्की सड़कें, गावों में इंटर लॉकिंग,14 हजार परिवार को विद्युत कनेक्शन, साढ़े 6 हजार परिवार को पक्का मकान, 33 हजार 690 किसानों को किसान सम्मान निधि समेत अन्य सुविधाएं भाजपा की सरकार बनने के बाद मिली है।
ये भी पढ़ें – अमेठी व रायबरेली के प्रत्याशी पर कांग्रेस ने तोड़ी चुप्पी, कहा- सही समय पर होगी उम्मीदवार की घोषणा
ये भी पढ़ें – डिप्टी सीएम केशव प्रसाद बोले- मोदी के तीसरी बार पीएम बनने का मतलब विकसित भारत की गारंटी
68 हजार लोगों को आयुष्मान योजना में निशुल्क उपचार और मोदी सरकार की लखपति दीदी योजना से सलोन क्षेत्र का उत्थान हुआ है। कांग्रेस सांसद ने यहां 15 साल तक क्या किया। कोविड-19 के दौरान बतौर सांसद मैं अमेठी के हर एक परिवार का बराबर हालचाल लेती रहती थी। जब लोगों पर मौत मंडरा रहती थी तब राहुल गांधी गए थे। चुनाव हारने और डर कर भागने वाले का नाम राहुल गांधी है।
स्मृति ईरानी ने आगे कहा, मुझे जानकारी मिली है कि गांधी परिवार अमेठी से चुनाव लड़ेगा। अगर राहुल गांधी यहां से चुनाव लड़ेंगे तो जनता को क्या जवाब देंगे। पीएम नरेंद्र मोदी ने अमेठी लोकसभा क्षेत्र में 19 लाख नागरिकों को राशन भेजा है। गांधी परिवार नरेंद्र मोदी के खिलाफ है तो जो ये 19 लाख नागरिकों को मुफ्त राशन मिल रहा है। गांधी परिवार इन परिवारों से क्या कहेगा?
स्मृति ने कहा कि पहले राहुल ने अमेठी को धोखा दिया और अब वायनाड को दे रहे हैं। कांग्रेस अमेठी को अपना परिवार कहती थी। अगर परिवार था तो परिवार कौन बदलता हैं। परिवार छोड़कर कौन भागता है। स्मृति ईरानी ने कहा कि रंग बदलते देखा है लेकिन परिवार बदलते पहली बार देखा है।
उन्होंने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वो अपने स्वार्थ के लिए लड़ रहे हैं। हम अपने परिवार और उसके स्वाभिमान की रक्षा के लिए लड़ रहे हैं। इस मौके पर विधायक अशोक कोरी, मंडल अध्यक्ष चन्द्रशेखर सिंह, सुधीर सिंह, राजेन्द्र चतुर्वेदी, चन्द्रशेखर रस्तोगी, प्रदीप गुप्ता, आकाश सिंह, वीरू सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
कार्यकर्ता घर घर पहुंचाएं पीएम मोदी का संदेश
अमेठी से भाजपा प्रत्याशी एवं केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने कार्यकर्ताओं से मोदी सरकार की दस वर्ष की उपलब्धियां और मोदी की गारंटी का संदेश घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया है। स्मृति इरानी ने सोमवार को जायस में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी तैयारी पर बात की। उन्होंने पीएम मोदी का संदेश व पत्रक एक एक घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंपी। बैठक में राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, जिलाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्र और भवानी दत्त दीक्षित भी मौजूद थे।
देवी पूजन करेंगी स्मृति
केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव विजय गुप्ता ने बताया कि चैत्र नवरात्र के पहले दिन मंगलवार को स्मृति इरानी सुबह 10.45 बजे मां दुर्गन भवानी धाम रोहसी, मां कालिकन धाम, देवीपाटन मंदिर, समशेरियन मंदिर, हिंगलाज देवी मंदिर, मां अहोरवा भवानी माता मंदिर व मेढुरिन धाम मंदिर में पूजन अर्चन करेंगी।
