रायबरेली। नगर क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय चक अहमदपुर में आयोजित दस दिवसीय समर कैंप में बुधवार को भी बच्चों ने खेलकूद और मनोरंजक गतिविधियों के बीच कई तरह के हुनर सीखे। सुबह कैंप का प्रारंभ व्यायाम शिक्षक मो. शोएब हसन खान ने योगाभ्यास से कराया। मो. इस्लाम ने डांस का अभ्यास कराया।
पूर्व अध्यापिका अनीशा तनवीर ने बेकार वस्तुओं का सदुपयोग कैसे करें, इस बारे में बताया और सजावटी सामान बनाने का तरीका सिखाया। पूर्व प्रधानाध्यापक लक्ष्मीकांत शुक्ला ने छात्र-छात्राओं को सफलता के गुण बताए। एक के दो, दो के चार.. गीत के जरिए बच्चों को प्रोत्साहित किया। सिलाई एवं मेहंदी लगाने का तरीका तूबा बानो एवं रेशमा ने सिखाया। बच्चों के बीच रस्साकशी एवं कुर्सी दौड़ खेल कराए गए, जिनका सभी बच्चों ने आनंद लिया और बेहतरीन प्रदर्शन किया।
बच्चों को गायन में पारंगत करने का काम राही विकास क्षेत्र की अध्यापिका अंजना चंद्रा ने किया। रस्साकशी में महराजगंज विकास क्षेत्र के अध्यापक मो. नसीम ने सहयोग किया। कला सिखाने का काम हरचंदपुर विकास क्षेत्र की अध्यापिका खुर्शीदा बानो ने किया। समर कैंप में नीलम मिश्रा, वंदना मिश्रा, आरती मिश्रा, अंशिका सोनकर, आस्था सिंह, दीक्षा वर्मा, रीता यादव ने सहयोग किया।
रायबरेली। लिटिल मिलेनियम प्ले ग्रुप स्कूल में समर कैंप के अंतिम दिन बुधवार को बच्चों ने पूल पार्टी और रेन डांस का लुत्फ उठाया। चक धूम धूम… गाने पर सभी बच्चे खुशी में झूमते हुए पानी के बीच नृत्य किया। समर कैंप के दौरान बच्चों ने आर्ट एवं क्राफ्ट, कुकिंग जैसे हुनर भी सीखे। रोजाना बच्चों को योगाभ्यास भी कराया गया। समर कैंप के समापन के साथ ही स्कूल में छुट्टी हो गई। जुलाई के प्रथम सप्ताह में स्कूल खुलेगा।