लखनऊ। फैजुल्लागंज के बाढ़ग्रस्त गणेश विहार कॉलोनी में बुधवार को करंट उतरने से बड़ा हादसा बच गया। करंट की चपेट में आने से एक राहगीर को झटका लगा। शिकायत मिलने के बाद बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर से 11 हजार वोल्ट की लाइन पूरी तरह हटा दी।

उपकेंद्र कर्मियों के मुताबिक, बाढ़ का पानी ट्रांसफार्मर की पेटी तक पहुंचने के कारण करंट उतरने का खतरा था। इसी को देखते हुए डियो फ्यूज हटाकर ट्रांसफार्मर की बिजली पहले ही बंद कर दी गई थी। इसके बावजूद लाइन में बैक फीड के कारण करंट आ आया। राहत शिविर में इसकी शिकायत पहुंचने के बाद विभागीय अधिकारियों को सूचना दी गई।

मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी और नगर आयुक्त तक भी सूचना पहुंची, जिसके बाद लाइन हटाई गई। अधिशासी अभियंता पंकज गुप्ता ने बताया कि ट्रांसफार्मर की पेटी के आसपास का पानी हटने के बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।

20 कॉलोनियों में बिजली बंद

बाढ़ के चलते फैजुल्लागंज की करीब 20 कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति बंद है। इनमें पवन विहार, मामा कॉलोनी, कैलाश विहार, गोमती विहार, दुर्गापुरी, भार्गव कॉलोनी, अक्षय विहार, चौबे डेयरी, शिव शक्ति नगर, शिव विहार, पतंग मैदान, श्रीराम विहार, रामनगर, विष्णु विहार, जैन कॉलोनी, गणेश विहार, नंदा फार्म, संतकबीर नगर और कृष्ण लोक कॉलोनी शामिल हैं। वार्ड दो और चार में भी बाढ़ प्रभावित इलाकों के ट्रांसफार्मरों की बिजली बंद की गई है।

पानी में डूबा ट्रांसफार्मर।

पानी में डूबा ट्रांसफार्मर।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *