{“_id”:”6b04af50133990a8f80e264c”,”slug”:”the-groom-left-the-bride-at-home-and-came-to-save-his-girlfriend-mainpuri-news-c-174-1-sagr1036-171541-2026-11-24″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Mainpuri News: दुल्हन को घर छोड़कर प्रेमिका को बचाने आया दूल्हा”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

फोटो 16 कल्होर में पानी की टंकी पर चढी युवती। संवाद
– फोटो : samvad
दन्नाहार/घिरोर (मैनपुरी)। प्रेमी की बरात निकलने का फोटो देखकर सोमवार को प्रेमिका के पैरों तले से जमीन खिसक गई। गुस्से में वह बिछवां से घिरोर थाना क्षेत्र के गांव कल्होर पछां पहुंचकर पानी की टंकी पर चढ़ गई और प्रेमी को बुलाने की जिद पर अड़ गई। धमकी दी कि अगर युवक नहीं आया तो वह कूदकर जान दे देगी।इससे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सूचना पर पुलिस भी आ गई। करीब तीन घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चला। आखिरकार, युवक नवविवाहिता को अपने घर छोड़कर वहां पहुंचा और उसने युवती से बात की जिसके बाद वह नीचे उतरी। पुलिस दोनों को थाने ले गई।दन्नाहार क्षेत्र के एक गांव निवासी ट्रक चालक युवक और ब्यूटी पार्लर में काम करने वाली बिछवां थाना क्षेत्र की युवती की मुलाकात सोशल मीडिया पर हुई थी। बाद में दोनों मिलने-जुलने लगे और शादी के सपने बुनने लगे। शुरुआत में दोनों को एक ही जाति के होने का भ्रम था लेकिन कुछ समय बाद युवक को पता चला कि युवती दूसरी जाति से है तो उसने धीरे-धीरे दूरी बनानी शुरू कर दी।सोमवार सुबह किसी ने युवती को युवक की बरात का फोटो भेज दिया। यह देख पहले तो उसने उसके भाई को फोन कर तीखी नाराजगी जताई फिर गुस्से में टंकी पर चढ़ गई। पुलिस और ग्रामीण उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे लेकिन वह प्रेमी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ी रही।सूचना पर युवक से संपर्क किया गया। वह नवविवाहिता को विदा कराकर घर पहुंचा और उसे वहां छोड़कर गाड़ी से टंकी के नीचे आया। उसने युवती से फोन पर बात की जिसके बाद वह नीचे उतर आई। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंच गई, जहां उनके परिजन भी आ गए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही थी।
