सहालग शुरू होते ही ट्रेनों में आरक्षित सीटों के लिए मारामारी शुरू हो गई है। दिल्ली, मुंबई, गुजरात, पंजाब और जम्मू समेत अन्य शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। कई प्रमुख ट्रेनों की स्लीपर और एसी श्रेणी में नो रूम की स्थिति बन गई है। इससे शादी-विवाह में शामिल होने और नौकरी के सिलसिले में दूसरे शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब यात्रियों के सामने तत्काल टिकट ही एकमात्र सहारा बचा है।


भरवारी और सिराथू रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों में आरक्षण की स्थिति काफी खराब है। सिक्किम महानंदा और महाबोधि एक्सप्रेस में नवंबर माह में नो रूम है। दिसंबर में भी सात दिसंबर तक वेटिंग मिल रही है, जबकि स्लीपर श्रेणी में 15 दिसंबर से सीटें वेटिंग में उपलब्ध हो रही हैं। रीवा सुपरफास्ट में नवंबर में लंबी वेटिंग है।

दिसंबर में 16 तारीख से टिकट उपलब्ध हो रहे हैं। वहीं, नारायणपुर बाजार स्पेशल और प्रयागराज स्पेशल में भी नवंबर माह में वेटिंग चल रही है। परिवार के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। एक साथ कई सीटें मिलना मुश्किल हो रहा है। तत्काल कोटे में भी ऑनलाइन बुकिंग शुरू होते ही सीटें भर जा रही हैं। इससे यात्रियों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों से सहालग के दौरान प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त कोच लगाने और विशेष ट्रेनों का संचालन कराने की मांग की है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।



Source link