संवाद सूत्र, पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। उत्तराखंड सीमा से सटे गांव दादूपुर में तीन बाइकों पर सवार होकर आए छह बदमाशों ने गोली मारकर 62 वर्षीय मुख्तयार सिंह व उनके 32 वर्षीय बेटे सुखजिंद्र उर्फ काका की घर के पास ही गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना के समय मृतक सुखजिंद्र के 14 वर्षीय भतीजे मनमीत ने भाग जान बचाई। स्वजन ने पौन घंटे तक पुलिस को शव नहीं उठाने दिए। एसएसपी सूरज कुमार राय ने जल्द गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया तो स्वजन मान गए। घटना से ताबड़तोड़ फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई थी।
घटनास्थल उत्तराखंड का बताया जा रहा है। पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पिता-पुत्र की हत्या एक साल पूर्व हिस्ट्रीशीटर की हत्या का बदला लेने को की है।
रविवार शाम लगभग 7.30 बजे गांव दादूपुर निवासी सुखजिंद्र उर्फ काका अपने घर से ट्रैक्टर पर भतीजे मनमीत पुत्र बलजिंद्र को बैठाकर पास में ही घेर में ट्रैक्टर खड़ा करने जा रहा था। घेर के बाहर ट्रैक्टर रोका और दोनों नीचे उतर गए। मनमीत कुछ दूर खड़ा हो गया और सुखजिंद्र उर्फ काका ट्रैक्टर घेर के अंदर खड़ा करने के लिए गेट खोलने जाने लगा। इसी बीच तीन बाइकों पर छह बदमाश आए। दो कुछ दूर जाकर एक कार के पास खड़े हो गए, जबकि चार ने सुखजिंद्र उर्फ काका पर गोली चलाई।
दो गोली सिर में मारी गई। मनमीत डर कर घर भाग गया। इसी दौरान मुख्तयार सिंह मौके पर पहुंचे।बदमाशों ने मुख्तयार सिंह के पेटे में गोली मारी दी, जिससे वह जमीन पर गिर गए। मौके पर ही पिता-पुत्र की मौत हो गई।
घर में मौजूद सुखजिंद्र उर्फ काका की मां हरप्रीत, भाई बलजिंद्र उर्फ सोनू व अन्य मौके पर पहुंचे तो बदमाश बाइकों पर बैठकर भाग गए। स्वजन में पिता-पुत्र की हत्या से रोष बन गया। पुरकाजी, छपार , चरथावल पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी सूरज कुमार राय भी पहुंचे। पुलिस ने सुखजिंद्र उर्फ काका का शव उठाकर कार में रख लिया।
पुलिस ने मुख्तयार सिंह का शव उठाने का प्रयास किया तो स्वजन ने विरोध जताते हुए शव नहीं उठाने दिया। हत्यारोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। पौन घंटे तक यहीं हालात रहे। एसएसपी ने जल्द गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। पुलिस को मौके से आठ खोखा कारतूस मिले है।
एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि गांव दादूपुर उत्तराखंड की सीमा से सटा है। घटना स्थल को उत्तराखंड का बताया जा रहा है। उत्तराखंड के पुलिस अधिकारी भी पहुंचे है। नायब तहसीलदार को बुलाकर घटना स्थल की पुष्टि कराई जा रही है। बताया जताा है कि हिस्ट्रीशीटर माेनू की हत्या 11 सितंबर 2025 को हुई थी।
घटना का बदला लेने के लिए पिता-पुत्र की हत्या की है। एसएसपी ने बताया कि मृतक सुखजिंद्र व उसका भाई बलजिंद्र उर्फ सोनू और इनका चाचा करतार मोनू हत्याकांड के आरोपित है और पूर्व में जेल गए थे। छह माह पूर्व जमानत पर आए थे।
पुलिस को बताए हत्यारोपितों के नाम
पिता-पुत्र की हत्या में उनके स्वजन ने पुलिस को हत्यारोपितों के नाम बताए हैं। स्वजन ने दादूपुर निवासी एक, मेघा शकरपुर निवासी एक व देवबंद क्षेत्र के गांव खेड़ी निवासी दो हत्यारोपितों के नाम पुलिस को बताए हैं।
