दुबारी। मधुबन थाना क्षेत्र के नुरुल्लाहपुर गांव निवासी अंबुज चौहान (18) की मंगलवार की दोपहर सरयू नदी में डूबने से मौत हो गई। कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर नदी में नहा रहे चचेरे भाई को डूबता देख अंबुज ने छलांग लगा दी, वो तो बाहर निकल गया, लेकिन अंबुज की मौत हो गई। ग्रामीणों की मदद से शव नदी से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नुरुल्लाहपुर गांव निवासी गिरधारी चौहान ने बताया कि उनका बेटा अंबुज, उनके भाई के बेटे और दो दोस्तों के साथ सरयू नदी के किनारे गया था। मंगलवार की दोपहर भाई का बेटा और उसके दोस्त नदी में नहाने लगे और गहरे पानी में चले गए। चचेरे भाई को गहरे पानी में डूबता देख अंबुज ने छलांग लगा दी। वो तीनों किसी तरह बचकर बाहर निकल आए लेकिन अंबुज की डूबने से मौत हो गई। बताया कि उनकी बहन गांव में मकान बनवाकर रहती हैं। बुधवार को बहन के बेटे की शादी है, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। थाना प्रभारी निरीक्षक केके गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पोखरी में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत
मधुबन। मधुबन नगर पंचायत के कमरौली स्थित पोखरे में मंगलवार की दोपहर नहाते समय डूबने से पंकज (15) की मौत हो गई। परिजन फतहपुर मंडाव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। डॉक्टर ने वहां से रेफर कर दिया। मऊ स्थित निजी अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। नगर पंचायत के वार्ड नंबर-4 हिराजपट्टी कमरौली निवासी हरिकेश ने बताया कि उनका छोटा बेटा मंगलवार को पोखरे में नहाने गया था। वह गहरे पानी में डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
