मिर्जापुर। जिले में पहली बार तीन राज्यों के खिलाड़ियों के बीच क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। मां विंध्यवासिनी एजुकेशनल और दिव्यांग स्पोर्ट्स ट्रस्ट की ओर से प्रस्तावित प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण, दिव्यांग और अन्य प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
ट्रस्ट के महासचिव विजय भान ने बताया कि प्रतियोगिता के जरिए खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देने के साथ आपसी मित्रता, सामाजिक सद्भाव और खेल भावना को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। आयोजन में ताज विकलांग सेवा समिति भी सहयोग करेगी।
उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए समाजसेवियों, उद्योगपतियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों से आर्थिक एवं अन्य जरूरी सहयोग की अपील की गई है। आयोजन के तहत खिलाड़ियों के आवागमन, रहने-खाने, खेल सामग्री और क्रिकेट मैदान की व्यवस्था के लिए सहयोग जुटाया जा रहा है।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के लोगों का छोटा-सा सहयोग भी प्रतिभावान खिलाड़ियों के भविष्य को नई दिशा दे सकता है। यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खिलाड़ियों को पहचान, सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने का माध्यम बनेगा।
