
यूपी पुलिस फाइल फोटो
विस्तार
कटघर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने मां-बेटी के अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। पीड़िता के शिकायत करने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। मझोला क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने डीआईजी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया था।
जिसमें उसने बताया कि कटघर के भदौरा सुनारों वाली गली निवासी अमन वर्मा कई दिन से उनकी बेटी को लगातार काॅल कर परेशान कर रहा है। विरोध करने पर आरोपी धमका रहा है। उसने इस मामले की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
इसके बाद अमन वर्मा ने उसके नाम से इंस्टाग्राम पर एक फर्जी आईडी बना ली। जिस पर आरोपी ने पीड़ित की बेटी और पत्नी के अश्लील फोटो पोस्ट कर दिए। उसने, बेटी और पत्नी ने विरोध किया तो आरोपी ने गाली गलौज की। इसके अलावा आरोपी ने धमकी दी कि उसकी बड़ी बेटी के जन्मदिन पर आकर फोटो वायरल कर बदनाम कर देगा।
पीड़ित का परिवार धमकियां मिलने से बहुत परेशान है। उसने मांग की है कि सोशल मीडिया पर वायरल किए गए फोटो डिलीट किए जाएं। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। साइबर सेल की मदद से आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
