
झांसी में दिल दहलाने वाली वारदात
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मंदिरों में हवन कराए, मन्नतें मांगीं… कोई ऐसा दर नहीं छोड़ा जहां संतान की चाह में प्रियंका और नीलेश से अर्जी न लगाई हो। प्रियंका जब संतान न होने के गम में रोती तो नीलेश भी परेशान हो जाता। चार साल पहले 2020 में भगवान ने दोनों की मुराद पूरी भी की।
बेटे की किलकारी गूंजी तो घर भी खुशियों से भर गया। मगर नीलेश इन खुशियों से दूर होता चला गया और शराब पीने लगा। जिस बेटे के लिए उसने मन्नतें मांगी थीं, शराब के नशे में उसी का गला दबा दिया। गुस्से और आवेश में वह इस कदर भर गया कि गला दबाते वक्त अपने जिगर के टुकड़े को तड़पते देख भी नहीं पिघला। परिजनों का कहना है शराब की लत ने एक साथ तीन जिंदगियां तबाह कर दीं।
नीलेश और प्रियंका की शादी वर्ष 2016 में हुई थी। शादी के कई साल तक दंपती को संतान नहीं हो रही थी। इस बात से सबसे अधिक नीलेश परेशान रहता था। खुद प्रियंका को लेकर कई जगह वह मन्नत मांगने जाता था। काफी मन्नत मांगने के बाद चार साल पहले 2020 में उनको बेटा हुआ था।
परिजनों का कहना है कि धीरे-धीरे नीलेश शराब का लती होता गया। घर से अक्सर पैसे मांगता था। उस पर कर्ज भी हो गया था। उसके पिता होमगार्ड हैं। पिता ने उसकी ऑटो खरीदने में मदद की लेकिन, उसको चलाने से मिलने वाले अधिकतर पैसे वह शराब पीने में खर्च कर देता था।