ताखा। बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए जिले में संचालित दो कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में कंप्यूटर व प्रोजेक्टर से पढ़ाई कराई जाएगी। दोनों विद्यालयों पर 4.80 लाख रुपये खर्च होंगे। योजना को अमली जामा पहनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सर्व शिक्षा अभियान के तहत बालिकाओं को शिक्षित करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग कस्तूरबा गांधी विद्यालयों का संचालन कर रहा है। इनमें कक्षा छह से आठ तक बालिकाओं को आवासीय सुविधा के साथ निशुल्क यूनीफार्म, भोजन, पाठ्य पुस्तक से लाभान्वित किया जाता है। बालिकाओं को शिक्षित करने के साथ उन्हें तकनीकी शिक्षा में दक्ष कर रोजगार परक शिक्षा देने के लिए शासन सक्रिय हो गया है। इसी के तहत दोनों स्कूलों में स्मार्ट क्लास बनाने का काम शुरू कराया गया है।
बीएसए डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि दोनों स्कूलों में 100-100छात्राएं अध्ययनरत हैं। स्मार्ट क्लास में डिजिटल प्रोजेक्टर, मल्टीमीडिया सामग्री और शैक्षिक सॉफ्टवेयर जैसे डिजिटल संसाधनों को शामिल करके छात्राओं के सीखने के अनुभव को बढ़ाया जाना है। स्मार्ट क्लास बनने के बाद बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि इन स्कूलों में पहले से ही कंप्यूटर उपलब्ध हैं। अब स्मार्ट क्लास से पढ़ाई में बच्चाें को सहूलियत मिलेगी।
