
रायबरेली में बुधवार को रेलवे स्टेशन का जायजा लेती सदर विधायक अदिति सिंह।
रायबरेली। शहर के रेलवे स्टेशन रायबरेली पर यात्री सुविधाओं में और इजाफा किया जाएगा। इसके लिए कवायद तेज कर दी गई है। इसकी जानकारी जुटाने के लिए बुधवार को दोपहर बाद सदर विधायक अदिति सिंह रेलवे स्टेशन पहुंचीं। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और समस्याओं के बारे में जाना। किन-किन सुविधाओं की जरूरत है, इसका खाका भी तैयार किया। भरोसा दिलाया कि सारी सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर उच्चाधिकारियों से बातचीत करके रेल मंत्रालय को चिट्ठी भेजी जाएगी।
सदर विधायक ने करीब एक घंटे तक रेलवे स्टेशन के हर एक हिस्से का मुआयना किया। स्टेशन के दूसरी तरफ बन रहे द्वितीय प्रवेश द्वार को देखा, जहां पर स्टेशन भवन का निर्माण कराया जा रहा है। धीमी गति से काम होने पर नाराजगी भी जताई। कहा कि इस बारे में मंडलीय अधिकारियों से बात कर काम तेजी से कराया जाएगा। सदर विधायक ने प्लेटफार्म नंबर एक पर लगे एस्केलेटर के साथ लिफ्ट का भी जायजा लिया।
एस्केलेटर के जरिए ही पैदल पहुंचीं और प्लेटफार्म नंबर दो, तीन, चार व पांच पर पहुंचीं। प्लेटफार्म नंबर चार व पांच पर चल रहे काम को भी देखा। इस दौरान बढ़ाई जाने वालीं सुविधाओं के बारे में स्थानीय रेलवे अधिकारियों व यात्रियों से बातचीत की।
वरिष्ठ वाणिज्य निरीक्षक डीडी शुक्ला ने बताया कि सदर विधायक ने सभी प्लेटफार्मों पर आने-जाने के लिए एस्केलेटर और लिफ्ट की संख्या बढ़ाने की बात की है। भरोसा दिलाया है कि स्टेशन के पूर्वी छोर पर बने पैदल पुल पर चढ़ने के लिए सभी प्लेटफार्मों से एस्केलेटर और लिफ्ट की सुविधा हो। इसके लिए रेलवे के उच्चाधिकारियों के साथ मंत्रालय को भी प्रस्ताव भेजेंगी। इसके अलावा पार्सल को दूसरे प्लेटफार्मों से बाहर तक लाने के लिए कोई रास्ता न होने की समस्या बताई गई। जिसपर विधायक ने कहा कि भूमिगत पार्सलवे बनवाने के लिए भी उच्चाधिकारियों को चिट्ठी भेजी जाएगी। कुछ ट्रेनों के ठहराव की समस्या भी उठाई गई।
