संवाद न्यूज एजेंसी, मैनपुरी
Updated Mon, 15 Jan 2024 08:49 PM IST

Mainpuri News
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मैनपुरी के थाना औंछा क्षेत्र में सोमवार की शाम एक कपड़ा व्यापारी ने विक्रमपुर नहर के पास पहुंच कर चप्पल उतारी और देखते ही देखते नहर में छलांग लगा दी। यह नजारा देख आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने नहर में व्यापारी की तलाश शुरू कर दी है।
सोमवार की शाम विक्रमपुर नहर के पास सब कुछ सामान्य चल रहा था। तभी एक करीब 60 वर्षीय वृद्ध बाइक से पुल के पास आकर रुके। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वृद्ध ने मफलर, चप्पल आदि पुल पर उतारे और नहर में कूद गए। वृद्ध को नहर में कूदता देख लोगों में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। नहर के पास जमा लोगों से जानकारी ली। पता चला कि नहर में छलांग लगाने वाले वृद्ध का नाम राजकुमार गुप्ता निवासी कस्बा औंछा है। वह कपड़ा व्यापारी हैं। पुलिस ने मौके पर मिला सामान कब्जे में ले लिया। जानकारी मिलने के बाद परिजन भी आ गए। पुलिस नहर में व्यापारी की तलाश के प्रयास में जुट गई।
