पीलीभीत। मरौरी बाजार-कल्याणपुर मार्ग पर वाहन की टक्कर से एक वर्षीय तेंदुए की मौत के मामले में वन विभाग की जांच के बाद अब पुलिस ने भी आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। वन रक्षक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर न्यूरिया पुलिस ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक संजीव कुमार को सौंपी गई है।


शनिवार देर शाम मरौरी बाजार से कल्याणपुर जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे एक वर्षीय तेंदुए का शव पड़ा मिला था। सूचना पर पहुंची सामाजिक वानिकी विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और शव कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा था। रविवार को तीन पशु चिकित्सकों के पैनल ने शव का पोस्टमाॅर्टम किया। रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौत की पुष्टि हुई। घटनास्थल माला रेंज के जंगल से करीब एक किलोमीटर दूर सामाजिक वानिकी क्षेत्र में है।

वन विभाग ने पहले ही मामले में विभागीय केस दर्ज कर लिया था। अब वनरक्षक अमित तिवारी निवासी ग्राम पिपरिया मुजफ्ता की तहरीर पर थाना न्यूरिया पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। वाहन और चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच उपनिरीक्षक संजीव कुमार कर रहे हैं।



Source link

अभी अभी की खबरें