आगरा। उत्तर प्रदेश के विशेष रोल ऑब्जर्वर और कृषि विभाग के संयुक्त सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को कमिश्नरी सभागार में आगरा मंडल के चुनावी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना प्राथमिकता है। ऐसे में फील्ड स्तर पर चल रहे कार्यों की प्रगति की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए।
आगरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) और सहायक निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण और प्राप्त आवेदनों के निस्तारण पर चर्चा की गई। ऑब्जर्वर ने निर्देश दिया है कि फॉर्म 6 (नाम बढ़ाने), फॉर्म 7 (नाम काटने) और फॉर्म 8 (संशोधन) से संबंधित जितने भी आवेदन प्राप्त हुए हैं, उनकी समयबद्ध जांचकर प्रोसेसिंग पूरी की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित समय के भीतर ही नोटिस की सुनवाई का कार्य संपन्न होना चाहिए। बैठक में आगरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के जिलाधिकारियों के साथ अपर आयुक्त (प्रशासन) भी उपस्थित रहे।