प्रयागराज से मेरठ के लिए आखिरकार गंगा एक्सप्रेसवे पर रोडवेज बस सेवा की शुरुआत हो गई है। यूपी रोडवेज के प्रयागराज रीजन के अंतर्गत लीडर रोड डिपो की ओर से इस रूट पर पहली बस को रवाना किया गया। हालांकि, शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और पहले दिन फूलों से सजी इस बस को एक भी सवारी नसीब नहीं हुई।
यात्रियों के टोटे के कारण बस अपने निर्धारित समय सुबह दस बजे के बजाय पौने 12 बजे मेरठ के लिए रवाना हुई। रोडवेज प्रशासन ने प्रयागराज से मेरठ तक के इस सफर के लिए प्रति यात्री 839 रुपये का किराया निर्धारित किया है। पहले दिन भले ही बस खाली गई हो, लेकिन विभाग इसे एक महत्वपूर्ण ट्रायल के रूप में देख रहा है।
सोमवार को रवाना हुई इस बस के जरिये पूरे रूट का बारीकी से सर्वे किया जाएगा। रास्ते में पड़ने वाले ठहराव, समय की उपलब्धता और यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए आने वाले दिनों में बस की समय सारिणी में बड़ा बदलाव किया जा सकता है।
लीडर रोड डिपो के अधिकारियों के मुताबिक, दिन के समय यात्रियों का रिस्पॉन्स न मिलने के कारण अब इस बस को रात्रि सेवा के रूप में चलाने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि रात के समय एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले यात्रियों की संख्या अधिक हो सकती है।
इससे न सिर्फ यात्रियों का दिन का महत्वपूर्ण समय बचेगा बल्कि रोडवेज को भी अच्छा राजस्व मिलेगा। क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रूट सर्वे की रिपोर्ट आने के बाद जल्द ही नई समय सारिणी की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।
