Prayagraj News: प्रयागराज मुख्य संवाददाता मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय छठे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ऑन पावर, कंट्रोल एंड एंबेडेड सिस्टम्स (आईसीपीसीईएस-2026) का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। नेताजी सुभाष प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एनएसयूटी) दिल्ली के एएनआरएफ प्रधानमंत्री प्रोफेसर प्रो. भीम सिंह ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए विद्युत शक्ति प्रणालियों, नवीकरणीय ऊर्जा, विद्युत परिवहन और आधुनिक पावर इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है।विशिष्ट अतिथि एनटीपीसी मेजा ऊर्जा निगम लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जी. श्रीनिवास राव ने ऊर्जा उत्पादन एवं विद्युत क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों की उपयोगिता पर विचार व्यक्त किए।
संस्थान के कार्यवाहक निदेशक प्रो. एमएम गोरे ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्युत अभियांत्रिकी के क्षेत्र में अनुसंधान एवं नवाचार देश की ऊर्जा आवश्यकताओं और तकनीकी आत्मनिर्भरता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विभागाध्यक्ष प्रो. नितिन सिंह ने बताया कि सम्मेलन के दौरान आधुनिक विद्युत एवं इलेक्ट्रॉनिक प्रणालियों में उभरती तकनीकों और उनके अनुप्रयोगों पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन संयोजक प्रो. प्रशांत कुमार तिवारी और डॉ. सोमू सारंगी ने कहा कि यह सम्मेलन ऊर्जा, नियंत्रण एवं एंबेडेड तकनीक के क्षेत्र में अनुसंधान और विकास की नई संभावनाओं को प्रोत्साहित करेगा।
