खाटू श्याम के दर्शन और अजमेर शरीफ जाने वाले लोगों को रेलवे ने राहत दी है। टनकपुर से दौराई के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन 05097-98 को 30 मार्च से नियमित कर दिया जाएगा। सप्ताह में तीन दिन चलाई जाने वाली यह ट्रेन अब चार दिन चलाई जाएगी। नवंबर 2024 में रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन को नियमित करने की घोषणा की थी। 30 मार्च से नियमित संचालन के साथ ही इस ट्रेन का नंबर 15092-91 हो जाएगा।
Trending Videos
रेलवे ने टनकपुर-दौराई एक्सप्रेस का पोर्टल पर नए नंबर से बुकिंग शुरू कर दी है। यह ट्रेन दौराई से सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार चलाई जाएगी। वहीं टनकपुर से इसका संचालन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार व शनिवार को किया जाएगा। अब तक ट्रेन में बरेली-दौराई के बीच स्लीपर श्रेणी में किराया 405 रुपये है, जो 370 रुपये हो जाएगा। इसी तरह एसी तृतीय में 1110 के स्थान पर 920 और एसी द्वितीय श्रेणी में किराया 1545 से घटकर 1430 रुपये हो जाएगा।
इस ट्रेन के संचालन से आला हजरत एक्सप्रेस पर यात्रियों का दबाव कम होगा। यात्रियों की जेब भी कम ढीली होगी। इस ट्रेन को भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली सिटी और बरेली जंक्शन पर ठहराव दिया जाएगा। खाटू श्याम जी और अजमेर शरीफ जाने वाले यात्रियों को आसानी से कन्फर्म टिकट भी मिल जाएगा।