रामपुर। गंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला पीला तालाब में एक युवक ने खुद को गोली मारकर जान देने की कोशिश की। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। गोली लगने के बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


घटना मंगलवार रात करीब आठ बजे की है। मोहल्ला पीला तालाब निवासी नईम का बेटा फूल शाह (24) घर के एक कमरे में था। इसी दौरान उसने खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि युवक ने तमंचा मुंह पर रखकर गोली मारी थी। सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। युवक ने आत्महत्या की कोशिश की है। मामले की जांच की जा रही है। घटना की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।



Source link