कासगंज। सोरोंजी थाना क्षेत्र में आबादी के पास ऑटो में अवैध तरीके से गैस रिफलिंग करने के दौरान आग लगने और 12 सिलिंडर फटने की घटना हुई थी। इस मामले में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें दुकानदार पर अवैध तरीके से सिलिंडर भंडारण करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही।
बता दें कि 15 अक्तूबर को सोरोंजी थाना क्षेत्र के आबादी वाले क्षेत्र में दुकानदार सुनील गुप्ता निवासी मोहल्ला दल्लान एक ऑटो में अवैध तरीके से गैस रिफलिंग कर रहा था। इसी दौरान सिलिंडर में अचानक आग लग गई। इसके बाद तो दुकान में रखे छह घरेलू और छह छोटे सिलिंडर एक-एक कर फटने लगे।
आग की लपटें 15-16 फीट तक ऊंची उठ रही थीं। वहीं धमाके के कारण आसपास के मकान व दुकानों में दरारें भी आ गई थीं। इस मामले में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी उदयराज ने दुकानदार सुनील गुप्ता के खिलाफ अवैध भंडारण में मुकदमा दर्ज कराया है। सीओ आंचल चौहान ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
2500 रुपये प्रतिमाह किराए पर थी दुकान
जिस दुकान में आग लगी थी यह दुकान पूरनदास की थी। इसे सुनील गुप्ता ने 2500 रुपये प्रतिमाह किराए पर लिया था। इसमें वह गैस रिफलिंग के साथ परचूनी व गैस चूल्हा रिपेयरिंग का भी काम कर रहा था।
