संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। इन दिनों रेल यात्रियों के लिए ट्रेनों का सफर करना दुश्वार हो रहा है। पहले तो ट्रेनें देरी से चल रही हैं तो दूसरी तरफ रेलवे ने विकास कार्यों का हवाला देकर कई ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन कर दिया है। जिन यात्रियों ने पूरा किराया देकर टिकट बुक कराई हैं, उन्हें अब आधी यात्रा के बाद ट्रेन छोड़नी पड़ रही है और आगे की यात्रा के लिए दूसरी ट्रेनों में धक्के खाने पड़ रहे हैं।
विभिन्न रेल मंडलों में नॉन इंटरलॉकिंग, रेल लाइन दोहरीकरण और सिग्नलिंग का काम किया जा रहा है। इसके चलते वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से होकर आने-जाने वाली नौ ट्रेनों के संचालन का मार्ग रेलवे को बदलना पड़ा है। उन यात्रियों को परेशान होना पड़ेगा, जिन्होंने इन ट्रेनों में यात्रा के लिए दो माह पहले से बुकिंग करा रखी है। अब यात्रियों को जिन स्टेशन तक जाना है, रेलवे ने उन स्टेशनों से पहले ही ट्रेनों का रास्ता बदल दिया है। पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि नागपुर मंडल के कलमना स्टेशन पर राजनांदगांव-कलमना तीसरी लाइन का काम चल रहा है। ऐसे में रेल संरक्षा को देखते हुए ट्रेनों के मार्ग में बदलाव के साथ कई ट्रेनों का संचालन भी निरस्त किया गया है।
इन ट्रेनों के संचालन में किया गया है बदलाव
समता एक्सप्रेस का संचालन नागपुर से गोपालापट्टनम के बीच निरस्त किया गया है।
आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस को विजयवाड़ा स्टेशन से डायवर्ट कर परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है।
वापसी में समता एक्सप्रेस को गोपालापट्टनम से नागपुर के बीच डायवर्ट कर चलाया जा रहा है।
उद्योग नगर एक्सप्रेस को उन्नाव-मां बेलहा देवी के बीच डायवर्ट किया गया है।
हैदराबाद स्पेशल एक्सप्रेस को गोमतीनगर-गोरखपुर के बीच डायवर्ट किया गया है।
वापसी में हैदराबाद स्पेशल एक्सप्रेस को गोरखपुर-गोमतीनगर के बीच डायवर्ट किया गया है।
– आज नहीं आएगी बिलासपुर राजधानी
नागपुर में चल रहे तीसरी लाइन के काम के चलते बिलासपुर राजधानी समेत गोंडवाना एक्सप्रेस के संचालन को निरस्त करना पड़ा है। 13 अगस्त को नई दिल्ली से बिलासपुर के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 12442 बिलासपुर राजधानी एक्सप्रेस को निरस्त किया गया है। इसके अलावा ट्रेन संख्या 12410 गोंडवाना एक्सप्रेस काे 13, 14,15 और 17 अगस्त को निरस्त किया गया है। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 12409 गोंडवाना एक्सप्रेस 14, 15, 16, 17 व 19 अगस्त को निरस्त की गई है।
