उवैस दानिश, सम्भल

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों के बंटवारे और मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर खींचतान तेज होती दिखाई दे रही है। कांग्रेस नेता इमरान मसूद की ओर से 107 से अधिक सीटों की मांग, समाजवादी पार्टी के पांच प्रत्याशियों के ऐलान और सहारनपुर सीट को लेकर उठ रहे सवालों पर सम्भल से सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने खुलकर अपनी राय रखी है।

सांसद बर्क ने कहा कि सीटों की मांग करना और सीटों का अंतिम फैसला होना अलग-अलग बातें हैं। उन्होंने माना कि कांग्रेस अपनी दावेदारी कर रही है, लेकिन मौजूदा विधायकों की सीटें कांग्रेस को देने को लेकर समाजवादी पार्टी की भी अपनी मजबूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी आपसी बातचीत से मतभेद दूर कर गठबंधन को मजबूत करेंगे। मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर बर्क ने कांग्रेस को साफ संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव मुख्यमंत्री रह चुके हैं और समाजवादी पार्टी कई बार सरकार बना चुकी है। ऐसे में मुख्यमंत्री चेहरे पर विचार की कोई गुंजाइश नहीं है। सीटों के बंटवारे पर बातचीत हो सकती है, लेकिन सीएम चेहरे पर नहीं। सहारनपुर सीट और कांग्रेस को कितनी सीटें मिलेंगी, इस सवाल पर बर्क ने कहा कि अंतिम फैसला अखिलेश यादव करेंगे। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस को ऐसी सीटें देना चाहती है, जहां पार्टी मजबूती से चुनाव लड़कर जीत हासिल कर सके। बर्क ने कहा कि उनकी ख्वाहिश है कि सपा और कांग्रेस मतभेद भुलाकर मिलकर चुनाव लड़ें।

Also Read : UP Assembly Election 2027 Alliance: यूपी चुनाव से पहले गठबंधन पर सपा नेता यामीन खान का बड़ा दावा, बोले- जल्द होगा ऐलान, अखिलेश ही होंगे सीएम चेहरा



Source link