शामली/बनत/ऊन/कैराना। संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित रहने पर ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता विद्युत को जिलाधिकारी प्रवीण वर्मा ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। शनिवार को शामली, कैराना और ऊन तहसीलों में आयोजित समाधान दिवसों में कुल 88 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से दस शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शामली तहसील के सभागार में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने और शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान शामली में 38 शिकायतें मिलीं, जिनमें से तीन का मौके पर निस्तारण हुआ। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस अधिकारियों को पुलिस से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम सचिन राजपूत, सीएमओ तृतीय कुमार सक्सेना, पीडी डीआरडीए दुर्योधन और तहसीलदार राहुल सिंह सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कैराना तहसील में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्येंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां कुल 27 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस दौरान एसडीएम शिवाजी यादव और तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
ऊन तहसील में एसडीएम दीपिका मेहर की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान कुल 23 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। तहसीलदार ऊन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
