संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में अगर किसी मतदाता का गणना प्रपत्र एक से अधिक विधानसभा क्षेत्रों या एक ही विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग स्थान से आता है तो उसे जहां से मतदाता बने रहना है, वहीं से एसआईआर प्रपत्र भरना है। शेष जगह के प्रपत्र बीएलओ को यह बताकर बिना भरे वापस करें कि यहीं उसका स्थायी निवास है। अगर कोई दो जगह से मतदाता बना रहेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। तथ्य छिपाने पर एक साल की सजा हो सकती है।
एसआईआर अभियान तेज गति से चल रहा है। शत-प्रतिशत प्रपत्र घर-घर पहुंचाने का काम पूरा होने के बाद अब बीएलओ प्रपत्र भरकर जमा कराने में जुटे हैं। मतदाता सूची में ऐसे लोग जो एक से अधिक जगह से मतदाता हैं, उनके घरों पर भी एसआईआर प्रपत्र पहुंच रहे हैं। ऐसे मतदाताओं को जहां का मतदाता बने रहना है, उन्हें केवल वहीं से एसआईआर प्रपत्र भरना होगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिव प्रताप शुक्ला ने बताया कि हर मतदाता को एक ही जगह से एसआईआर फार्म भरना है। अन्य जगहों से यदि वह मतदाता है तो बीएलओ को बिना भरे फार्म लौटा दें और जानकारी भी दें।
एसआईआर फार्म भरवाने एवं उनके डिजिटलाइजेशन को लेकर युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है। 4 दिसंबर तक चलने वाले अभियान में महज 10 दिन शेष हैं, ऐसे में जिले के 1577337 मतदाताओं के एसआईआर फार्म भरवाकर उनका डिजिटलाइजेशन कराने के लिए 1601 बीएलओ के साथ हर विधानसभा क्षेत्र में तीन से चार हेल्प डेस्क गठित की गई है।
000000000
पिता व अभिभावक की जगह महिलाएं पिता का नाम भरें, पति का नहीं
एसआईआर फार्म पर पिता व अभिभावक के कॉलम में महिलाओं को पिता का नाम लिखना है। कई महिलाओं को संदेह है कि उनकी शादी हो गई है और अब अभिभावक के रूप में पति उनका भरण-पोषण कर रहे हैं, ऐसे में वह पिता व अभिभावक के नाम पर पति का नाम लिखें या फिर पिता का तो महिलाएं पिता का नाम लिखें।
000000000
आपके सवालों का प्रशासन ने दिया जवाब
प्रश्न. एसआईआर फार्म पर जन्म तिथि आधार कार्ड के अनुसार दें या हाईस्कूल के प्रमाण पत्र के मुताबिक अनूप वैश्य, नई बस्ती
उत्तर- हाईस्कूल की मार्कशीट के अनुसार
प्रश्न. 2003 की वोटर लिस्ट में मैं नहीं था न ही माता पिता या दादाजी का नाम है। उनका नाम भर दिया, संबंध में कॉलम में क्या भरें
शकील, सिजारिया कॉलोनी
उत्तर- उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि फार्म में जो जानकारी आपके पास है, वह भरकर हस्ताक्षर कर फार्म बीएलओ को वापस कर दें
प्र- पत्नी व भाई का नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाया था, एसआईआर फार्म नहीं मिला बृषभान यादव, हंसारी
उ. बीएलओ से बात कीजिए। अमर उजाला ने सभी क्षेत्र के बीएलओ के नाम दिए हैं। क्यूआर कोड स्कैन कर बीएलओ की जानकारी ले सकते हैं।
प्र. नई बस्ती चांद गेट बाहर बीएलओ का मोबाइल नंबर चाहिए- राहुल कोष्ठा, नई बस्ती
उ. अमर उजाला ने बीएलओ की जानकारी के लिए क्यूआर कोड दिए हैं। इसे स्कैन कर जानकारी ले सकते हैं
प्र. पत्नी का नाम 2003 में गलत था, सही कराया है, अब उनका नाम मिलान नहीं हो रहा- सूर्यकांत त्रिपाठी, कोछा भांवर
उ. संबंधित बीएलओ से संपर्क करें। इसकी सूची क्यूआर कोड स्कैन कर प्राप्त की जा सकती है।
