सीतापुर। जिला अस्पताल में लगी डिजिटल एक्सरे मशीन लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी खराब रही। मशीन बंद होने के कारण अस्पताल में एक्सरे जांच कराने आने वाले मरीजों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। डिजिटल मशीन के बंद रहने से मैनुअल एक्सरे मशीन पर मरीजों का दबाव बढ़ गया। इसके चलते मरीजों को जांच कराने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। जबकि कई मरीजों ने निजी केंद्रों पर जाकर महंगी जांच कराई।
अस्पताल में सुबह से ही एक्सरे कराने के लिए मरीजों की भीड़ जुटने लगी थी। डिजिटल मशीन चालू न होने के कारण सभी मरीजों का एक्सरे मैनुअल मशीन से किया जा रहा था। इससे जांच की प्रक्रिया धीमी हो गई और मरीजों को घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद 20 से अधिक मरीजों का नंबर नहीं आया। ऐसे में उन्हें मजबूर होकर निजी केंद्रों पर जाकर एक्सरे कराना पड़ा। रमेश, राजू व नरेंद्र ने बताया कि सुबह नौ बजे परचा जमा कर दिया था। 12 बजे तक नंबर नहीं आया तो मजबूरी में बाहर से जांच करवाई है। मरीज राकेश ने बताया कि एक ही मशीन चालू है। वह भी सही तरीके से रिपोर्ट नहीं दे रही है। इससे जांच करवाने का कोई फायदा नहीं दिख रहा है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. इंद्र सिंह ने बताया कि मशीन सही करवाने के लिए टेक्नीशियन को बुलाया गया है। जल्द ही मशीन चालू हो जाने के बाद जांच में होने वाली परेशानी खत्म हो जाएगी।
