संवाद न्यूज एजेंसी

झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की छात्रा संजना कुशवाहा की मौत पर शोक व्यक्त करने झांसी पहुंचे सपा नेताओं ने संजना के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय की लड़ाई में सहयोग देने की बात कही। सपा नेताओं ने व्यवस्थाओं को भी जिम्मेदार ठहराया। सपा के प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी से मिलकर मृतक संजना के परिवार को दस लाख की आर्थिक मदद देने के साथ एक सदस्य को सरकारी नाैकरी देने की भी मांग की।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पूर्व मंत्री श्रीराम पाल, चित्रकूट विधायक अनिल प्रधान और पूर्व विधायक शिवराम कुशवाहा बुधवार को झांसी पहुंचे। यहां से वह सपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह भोजला, महानगर अध्यक्ष तनवीर आलम, पूर्व गरौठा विधायक दीप नारायण सिंह, सतीश जतारिया, सीताराम कुशवाहा व विजय कुशवाहा के साथ बड़ागांव थाने के बराठा में संजना के घर पहुंचे। संजना के पिता कालका प्रसाद से घटना की जानकारी ली। इसके बाद प्रतिनिधि मंडल ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता की। कहा कि लचर सरकारी तंत्र से हारकर संजना ने जान दी।

पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव ने कहा कि संजना के रूप में झांसी ने होनहार खिलाड़ी खोया है। उसके परिजनों ने बताया कि वह 38 मीटर तक भाला फेंकती थी। जिलाधिकारी से मिले प्रतिनिधि मंडल ने इस केस में जो-जो जिम्मेदार हैं, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *