{“_id”:”66b29bde0c328c3e5308ae34″,”slug”:”teacher-accused-of-brutally-beating-a-girl-child-orai-news-c-224-1-ka11004-118185-2024-08-07″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Jalaun News: शिक्षक पर बच्ची को बेरहमी से पीटने का आरोप”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}
संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन
Updated Wed, 07 Aug 2024 03:25 AM IST

कोंच/एट। विकास खंड कोंच के गांव अमीटा में अनुसूचित जाति की बच्ची को बेरहमी से पीटने का आरोप पिता ने शिक्षक पर लगाया है। पिता का आरोप है कि बच्ची जब पानी पी रही थी तभी पानी की कुछ छींटे शिक्षक पर गिर गए। इससे गुस्साए शिक्षक ने बच्ची को बेरहमी से पीटा। इससे उसके शरीर पर चोटों के कई निशान हैं। पिता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एट थाना क्षेत्र के गांव अमीटा निवासी लाखनसिंह वाल्मीकि ने मंगलवार को पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उसकी बच्ची गांव के प्राइमरी स्कूल में पढ़ती है। रोज की तरह मंगलवार को वह स्कूल गई थी। करीब साढ़े ग्यारह बजे बच्ची स्कूल में पानी पी रही थी तभी पानी के कुछ छींटे उधर से गुजर रहे शिक्षक कृष्ण कुमार के ऊपर गिर गए। जिस पर वह आगबबूला हो गए और उन्होंने बेरहमी से बच्ची की पिटाई कर दी तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए बेइज्जत किया।
लाखन सिंह ने शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इस बाबत एट थानाध्यक्ष विमलेश कुमार का कहना है कि बच्ची के पिता ने तहरीर दी है। बच्ची का मेडिकल कराया जा रहा है व शिक्षक को भी बुलाया गया है। मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। इस बाबत खंड शिक्षा अधिकारी रंगनाथ चौधरी का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। पूरे मामले की जांच की जाएगी। अगर मामला सही पाया गया तो अध्यापक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
