चकरनगर। डिभौली यमुना पुल के नीचे यमुना नदी किनारे मिले किशोरी के शव की पहचान औरैया के एरवाकटरा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम हाउस में युवती के पिता ने शव की शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की।
सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद शव की तस्वीर युवती के परिजनों तक पहुंची, जिसके बाद उन्होंने फोन पर संपर्क किया और चकरनगर थाने पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी 29 जनवरी को घर से अचानक लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो वे लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे। परिजनों के अनुसार, करीब छह माह पहले क्षेत्र के एक युवक के खिलाफ छात्रा को बहलाकर ले जाने के आरोप में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले में आरोपी को जेल भेजा गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
